बिलासपुर , अक्टूबर 21 -- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन बिलासपुर के अंतर्गत भिलाई की प्रतिभा बंसोड़ ने रेलवे के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वह जोन की पहली ऐसी महिला लोको पायलट बन गई हैं, जिन्हें तीन अलग-अलग मौकों पर उद्घाटन के दौरान नई ट्रेनों का पहली बार सफल संचालन करने और यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का गौरव प्राप्त हुआ है।
रेलवे से आज मिली जानकारी के अनुसार प्रतिभा ने इससे पहले एक फरवरी 2016 को गुदुम से और 14 अप्रैल 2018 को भानुप्रतापपुर से नई ट्रेन का संचालन किया था। अब तीसरी बार रावघाट स्टेशन से उद्घाटित ट्रेन चलाकर उन्होंने अपने नाम एक और उपलब्धि दर्ज की है।
रावघाट स्टेशन पर मंगलवार को आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान दोपहर ठीक 3.01 बजे दिल्ली से रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव, रायपुर से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और आयोजन स्थल से सांसद भोजराज नाग ने हरी झंडी दिखाई। इसके बाद प्रतिभा बंसोड़ ने हार्न बजाकर ट्रेन को दुर्ग की ओर रवाना किया। इस दौरान उनके साथ सहायक पायलट मनोज बंड भी मौजूद रहे।
14 अप्रैल 2018 को भानुप्रतापपुर से ट्रेन संचालन का अनुभव उनके लिए विशेष रूप से ऐतिहासिक रहा। उस दिन पूरा संचालन महिलाओं के जिम्मे था। स्टेशन मास्टर से लेकर गार्ड, लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और टिकट निरीक्षक तक सभी कर्मचारी महिलाएं थीं।
तीसरी बार रावघाट से नई ट्रेन चलाने का अवसर मिलने पर प्रतिभा बंसोड़ ने इसे अपने अधिकारियों के भरोसे और मार्गदर्शन का परिणाम बताया। उनकी यह उपलब्धि रेलवे में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, कार्यक्षमता और जिम्मेदारियों के निर्वहन का उल्लेखनीय उदाहरण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित