भिण्ड , सितंबर 18 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड के कारोबारियों, किसानों और औद्योगिक इकाइयों के लिए रेल परिवहन की सुविधा बढ़ने जा रही है। झांसी मंडल ने भिण्ड रेलवे स्टेशन पर गुड्स शेड खोलने को स्थायी मंजूरी दे दी है। स्टेशन को माल की आवक और जावक दोनों के लिए खोल दिया गया है।

गुड्स शेड शुरू होने के बाद भिण्ड स्टेशन पर माल की लोडिंग और अनलोडिंग हो सकेगी। स्थानीय स्तर पर तैयार कृषि उत्पाद और अन्य वैध व्यापारिक माल रेल के जरिए दूसरे शहरों और बड़े बाजारों तक भेजे जा सकेंगे। इसी तरह बाहर से आने वाला माल भी रेल के जरिए भिण्ड तक पहुंचाया जा सकेगा। इससे माल ढुलाई के लिए सड़क के साथ रेल भी एक विकल्प उपलब्ध होगा।

रेलवे ने सुरक्षा और परिचालन नियमों के तहत कोयला, स्टील, लोहा तथा पेट्रोलियम, तेल एवं लुब्रिकेंट्स की ढुलाई को इस सुविधा से बाहर रखा है। इनके अलावा वैध माल की ढुलाई की जा सकेगी। स्थायी मंजूरी मिलने से कारोबारियों को लंबे समय के लिए माल ढुलाई की सुविधा उपलब्ध होगी। रेलवे के अनुसार भिण्ड स्टेशन से इनवर्ड यानी माल की आवक और आउटवर्ड यानी माल की जावक, दोनों तरह का यातायात किया जा सकेगा।

मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि भिण्ड स्टेशन पर गुड्स शेड की स्थायी सुविधा से चंबल और बुंदेलखंड क्षेत्र के व्यापार को लाभ मिलेगा। व्यापारी और कृषि उत्पादक रेल के जरिए अपना माल देश के प्रमुख बाजारों तक पहुंचा सकेंगे। रेलवे प्रशासन ने माल बुकिंग और लॉजिस्टिक्स की जानकारी के लिए व्यापारियों और ट्रांसपोर्टर्स से रेलवे की वाणिज्य शाखा या स्टेशन प्रशासन से संपर्क करने को कहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित