भिण्ड , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के बरासो थाना क्षेत्र के जठासो गांव में 27 वर्ष पुराने भूमि विवाद को लेकर रविवार को सीमांकन के बाद दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जठासो गांव में लगभग सात बीघा भूमि को लेकर मेहताब जाटव और पुरुषोत्तम सिंह गुर्जर के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। रविवार को तहसीलदार, पटवारी और राजस्व अमले की मौजूदगी में भूमि का सीमांकन कराया गया। प्रशासनिक टीम के लौटने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद फिर शुरू हो गया।

बताया गया है कि विवाद के दौरान दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले। घटना में मोनू जाटव के सिर में गंभीर चोट आई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद भिण्ड जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य कुछ लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं। घायल पक्ष का आरोप है कि उन पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया। वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार इसी भूमि को लेकर मार्च माह में भी विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। देर शाम तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। मेहगांव के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) संजय कोच्छा ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने पर मामले की जांच कर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित