भिण्ड , अक्टूबर 09 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने स्वास्थ्य विभाग के कामकाज की समीक्षा करते हुए टीकाकरण के आंकड़ों में लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर गलत या झूठे आंकड़े दर्ज करने पर संबंधित चिकित्सा अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मेडिकल काउंसिल को पत्र लिखा जाएगा।

कलेक्टर ने कम टीकाकरण कवरेज वाले क्षेत्रों में कार्यरत एएनएम को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने टीकाकरण से संबंधित सभी आंकड़े एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अद्यतन करने और मैदानी स्तर पर निगरानी कर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सरकारी रिकॉर्ड में गलत जानकारी दर्ज करने को गंभीर लापरवाही बताया।

बैठक में असंचारी रोगों की रोकथाम की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का पंजीयन बढ़ाने के लिए विशेष शिविर लगाने तथा अधिक से अधिक लोगों की जांच और पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एक्स-रे जांच का दायरा बढ़ाने को भी कहा।

इसके अलावा वेक्टर जनित रोगों, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, शिशु मृत्यु, आयुष्मान कार्ड, पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती और छुट्टी की दर तथा एनीमिया प्रबंधन की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा करते हुए 100 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल निराकरण करने और उनकी नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन, कार्यक्रम अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित