भिण्ड , जुलाई 18 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के गोहद थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर सोशल मीडिया पर उसके अश्लील फोटो और वीडियो वायरल कर बदनाम करने का आरोप लगाया है।

महिला का कहना है कि आरोपी पति लंबे समय से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी भी दी। महिला की शिकायत पर गोहद थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गोहद कस्बे की रहने वाली एक 30 वर्षीय महिला ने आज थाने में शिकायत दर्ज करायी है कि उसका पति उसकी अश्लील फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर रहा है। इससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और वह मानसिक रूप से परेशान है। महिला का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो पति ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़िता ने बताया कि लगातार मिल रही धमकियों और सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित होने से वह भयभीत है। इसके बाद उसने गोहद थाना पहुंचकर पुलिस से शिकायत की और कार्रवाई की मांग की।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच के दौरान मोबाइल फोन, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गोहद थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि महिला की शिकायत पर आज मामला दर्ज कर लिया गया है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कथित फोटो और वीडियो की जांच की जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित