भिण्ड , सितम्बर 25 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को शुक्रवार सुबह से रिमझिम बारिश होने से राहत मिली है। बारिश के दौरान ठंडी हवा चलने से मौसम सुहाना हो गया।
पिछले कई दिनों से जिले में बादल छाने का सिलसिला थमा हुआ था। दिन में तेज धूप और उमस के कारण लोग परेशान थे। तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच लोगों को एक बार फिर अच्छी बारिश का इंतजार था। गुरुवार रात से बदले मौसम ने इस इंतजार को कुछ हद तक राहत में बदल दिया।
मौसम विभाग ने जिले में 24 से 27 सितंबर तक हल्की से कभी-कभी तेज बारिश होने का अनुमान जताया है। बारिश को लेकर जिले में अलर्ट भी जारी किया गया है। प्रशासन ने कच्चे मकानों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों और नदी-नालों के नजदीक जाने से बचने की अपील की गई है।
कल दिनभर जिले के कई हिस्सों में बादल उमड़ते रहे। लहार, अलमपुर और दबोह क्षेत्र में भी बारिश होने की जानकारी मिली है। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश से मौसम में ठंडक बढ़ी है। हालांकि कई इलाकों में बारिश का दौर हल्का रहा, जिससे किसानों की नजर अब अगले कुछ दिनों में होने वाली बारिश पर टिकी है।
आज आर्द्रता करीब 90 प्रतिशत तक पहुंचने से उमस का असर भी महसूस किया गया। हालांकि बारिश और ठंडी हवा के कारण दिन के तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित