भिण्ड , अगस्त 26 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में रक्षाबंधन से पहले मौसम ने करवट ली है। पिछले दो दिनों से आसमान में बादल छाए हुए हैं और कभी तेज तो कभी हल्की बारिश हो रही है। बुधवार सुबह से भी बारिश का दौर जारी है। बारिश से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है तथा मौसम सुहाना होने से बाजारों और सड़कों पर रौनक बढ़ गई है।

पिछले 24 घंटे में जिले के कई हिस्सों में बारिश हुई। गोरमी में सबसे अधिक 52 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद मौ में 35, मेहगांव में 25, लहार में 14, रौन में 10 और भिण्ड में आठ मिलीमीटर बारिश हुई। मेहगांव क्षेत्र में पांच मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

सावन के अंतिम सप्ताह में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिन और रात आसमान में बादल छाए रहने के साथ कभी फुहार तो कभी तेज बारिश हो रही है। रक्षाबंधन से पहले हुई बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है।

बारिश से किसानों को भी राहत मिली है। जिले में 40 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में धान की फसल बोई गई है। बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी पहुंच रहा है, जिससे किसानों को ट्यूबवेल और नलकूप से कम सिंचाई करनी पड़ रही है और सिंचाई का खर्च भी घट रहा है। हालांकि निचले इलाकों में पानी भरने से ज्वार, बाजरा और तिल की फसल प्रभावित होने की आशंका है।

एक जून से 26 अगस्त तक जिले में 585.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 668.5 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इस तरह इस वर्ष अब तक 82.7 मिलीमीटर कम बारिश हुई है। लगातार बारिश से भूजल स्तर को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। बारिश का पानी जमीन में पहुंचने से भूजल रिचार्ज हो रहा है और जिन क्षेत्रों में जलस्तर नीचे जाने की स्थिति बनी थी, वहां सुधार की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित