भिण्ड , मई 12 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में आज मंगलवार तड़के हुए सड़क हादसे में पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दंदरौआ धाम गेट नंबर-1 के पास हुआ।
मेहगांव थाना पुलिस के अनुसार मौ क्षेत्र से पांच लोग एक लोडिंग वाहन में सवार होकर दंदरौआ की ओर जा रहे थे। वाहन में एक भैंस भी लदी हुई थी। मेहगांव-मौ मुख्य मार्ग पर दंदरौआ धाम गेट नंबर-1 के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय प्रीतम मांझी, उनके पुत्र सुनील मांझी, दोनों निवासी ग्राम छोली जिला ग्वालियर तथा उपेंद्र राणा निवासी लखनौती, डबरा जिला ग्वालियर के रूप में हुई है।
दुर्घटना में रामरूप बघेल निवासी एरोली और मानवेंद्र ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मेहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को ग्वालियर रेफर कर दिया गया। मेहगांव के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) संजय कोच्छा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित