भिण्ड , नवम्बर 07 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड में लोडिंग वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक दीपावली मनाने झांसी से इटावा अपने घर लौट रहे थे। हादसा भिण्ड जिले के बरोही थाना क्षेत्र में एनएच-719 पर आज सुबह तडके सेमरपुरा मोड़ के पास हुआ। टक्कर के बाद लोडिंग वाहन भी पलट गया।
उत्तरप्रदेष के इटावा जिले के रहने वाले प्रमोद शाक्य (42), जितेंद्र शाक्य (32) और योगेंद्र बंजारे (36) झांसी में शटरिंग का काम करते थे। तीनों बाइक से झांसी से डबरा होते हुए इटावा जा रहे थे। भिण्ड के सेमरपुरा मोड़ के पास लोडिंग वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवक घायल है। टक्कर के बाद लोडिंग वाहन भी मौके पर पलट गया।
गंभीर रूप से घायल योगेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी। शनिवार दोपहर परिजन भिण्ड पहुंचे। इसके बाद दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
बरोही थाना प्रभारी अतुल भदौरिया ने आज यहां बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत हुई है, जबकि एक घायल है। तीनों शटरिंग का काम करते थे। दीपावली मनाने घर लौट रहे थे। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। लोडिंग वाहन से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित