भिण्ड , सितंबर 26 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण शनिवार सुबह स्कूल खुलने के करीब दो घंटे बाद विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया।

कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी सुधांशु द्विवेदी ने जिले के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आज का अवकाश घोषित किया गया। आदेश जारी होने तक सुबह की पाली में कई स्कूलों में कक्षाएं संचालित हो चुकी थीं और विद्यार्थी स्कूल पहुंच चुके थे।

जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश के अनुसार अवकाश जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई, माध्यमिक शिक्षा मंडल और अन्य बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों पर लागू होगा। प्रशासन ने अत्यधिक बारिश को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया है। हालांकि आदेश विद्यार्थियों के लिए है। स्कूलों में पदस्थ शिक्षक और अन्य स्टाफ को नियमित समय पर संस्था में उपस्थित होकर शासकीय कार्य और प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करना होगा। पहले से निर्धारित महत्वपूर्ण गतिविधियां और परीक्षाएं, यदि कोई हों, अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित रहेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित