भिण्ड , अगस्त 01 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड में दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। इस बीच करीब 390 किलोग्राम घी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.73 लाख रुपये आंकी गयी है।
कलेक्टर के निर्देश पर आज भिण्ड और मेहगांव क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान एक डेयरी से करीब 390 किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त किया गया। घी, दूध और चना दाल सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन विशेष अभियान चला रहा है। अभियान के तहत लगातार डेयरियों, दुकानों और दुग्ध विक्रेताओं का निरीक्षण किया जा रहा है तथा खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जा रही है। इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी किरण सेंगर ने भिण्ड शहर के गौरी रोड स्थित विनोद डेयरी का निरीक्षण किया। मौके पर घी की केमिकल जांच के दौरान मिलावट की आशंका मिलने पर घी के दो नमूने लिये गये। साथ ही डेयरी में रखा करीब 390 किलोग्राम घी (जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.73 लाख रुपये है) जब्त कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान गौरी रोड स्थित सोनम प्रोविजन स्टोर से चना दाल का नमूना भी लिया गया। निरीक्षण में अनियमितताएं मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की धारा 32 के तहत संबंधित दुकानदार को नोटिस जारी किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित