भिण्ड , जुलाई 18 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में लगातार दूसरे दिन लूट की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के लहार अनुभाग के मिहोना थाना क्षेत्र के सुंदरपुरा खुर्द के पास एमपी-यूपी बॉर्डर पर चार नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे की नोक पर विवाहिता और उसके भांजे से लाखों रुपए के जेवर, नकदी और मोबाइल छीनकर यूपी सीमा की ओर फरार हो गए।
पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस को पीडितों ने बताया कि बदमाशों ने वारदात के दौरान विरोध करने पर मोटरसाइकिल पर बैठी बच्ची के सिर पर कट्टे के बट से हमला भी कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बंगरा निवासी 28 वर्षीय मंजू राठौर को उनका भांजा आकाश राठौर निवासी बड़ोखरी मोटरसाइकिल से घर छोड़ने जा रहा था। मोटरसाइकिल पर मंजू के साथ दो छोटे बच्चे भी सवार थे। शुक्रवार देर शाम सुंदरपुरा खुर्द के पास पीछे से दो मोटरसाइकिल पर सवार चार नकाबपोश बदमाश आए और मोटरसाइकिल के सामने वाहन अड़ाकर कट्टा तान दिया। आकाश ने सूझबूझ दिखाते हुए मोटरसाइकिल निकालने की कोशिश की लेकिन बदमाशों ने पीछा कर उन्हें घेर लिया। इसी दौरान एक बदमाश ने बच्ची के सिर पर कट्टे के बट से वार कर दिया। इसके बाद चारों बदमाशों ने मंजू के पास से सोने के जेवरात, पांच हजार रुपए नकद और मोबाइल लूट लिया। वहीं आकाश की सोने की अंगूठी और मोबाइल भी छीन लिया।
वारदात के बाद बदमाश यूपी सीमा के अंतियनपुरा की ओर भाग निकले। भागते समय उन्होंने आकाश का मोबाइल करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में फेंक दिया जिसे बाद में बरामद कर लिया गया। सूचना मिलते ही मिहोना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित