भिण्ड , अप्रैल 11 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड के भीमनगर में महिला पर दिनदहाड़े गोली चलाने वाले आरोपी को शुक्रवार देर रात कोतवाली पुलिस ने पकड लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पैसों के लेन-देन के विवाद में वारदात करना कबूला है। पुलिस ने उसके पास से देशी कट्टा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है।
शहर कोतवाली थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर ने आज यहां बताया कि नौ अप्रैल को नीलम जाटव निवासी भीमनगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मजनू ओझा ने पैसे के विवाद में पहले गाली-गलौज की फिर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। घायल महिला को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है।
कल देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी भागने की फिराक में पुराने रेलवे स्टेशन के पास छिपा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से 315 बोर का देशी कट्टा, एक कारतूस, एक खाली खोखा और स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल जब्त की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित