भिण्ड , अगस्त 25 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के गोरमी में मोबाइल कोर्ट ने वाहनों की जांच के दौरान नर्मदापुरम क्राइम ब्रांच के वाहन का भी चालान काटा। वाहन में सवार पुलिसकर्मी बिना सीट बेल्ट के पाए गए थे। कचनाव तिराहा पर हुई कार्रवाई में कुल 100 वाहनों के चालान बनाए गए और करीब एक लाख 31 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देश पर मेहगांव न्यायालय के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी दिलीप कुमार दुबे ने मोबाइल कोर्ट लगाकर वाहनों की जांच की। इस दौरान चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट, काली फिल्म, प्रदूषण प्रमाण पत्र, बीमा सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई।
जांच के दौरान नर्मदापुरम क्राइम ब्रांच का वाहन भी रोका गया। उसमें सवार पुलिसकर्मी सीट बेल्ट नहीं लगाए हुए थे। इस पर न्यायिक मजिस्ट्रेट ने पुलिस वाहन का भी चालान किया।
कई वाहनों में लगी काली फिल्म मौके पर ही हटवाई गई। स्कूल बसों की भी जांच की गई, जिसमें दो बसों में परमिट की शर्तों का उल्लंघन पाया गया और दोनों के चालान बनाए गए। एक स्कूल बस को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक बस लेकर भाग गया। पुलिस ने पीछा कर बस को पकड़ लिया और उसका भी चालान किया। मोबाइल कोर्ट की कार्रवाई में मोटरयान अधिनियम के तहत कुल 100 वाहनों पर कार्रवाई की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित