भिण्ड , जून 17 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में गोरमी थाना पुलिस ने मंगलवार को भतीजे की हत्या कर फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है। शादी में हुई बेइज्जती का बदला लेने के लिए आरोपी ने एक महीने पहले तौलिये से भतीजे का गला घोंटा और शव को सिंध नदी की रेत में दफना दिया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने आज यह जानकारी दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब एक साल पहले विवाह समारोह के दौरान चाचा और भतीजे के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान हुई बेइज्जती का बदला लेने के लिए चाचा ने अपने एक साथी के साथ मिलकर भतीजे पिंटू करण (19) की हत्या की खौफनाक साजिश रची। आरोपी चाचा योजना के तहत पिंटू को बहाने से रौन थाना क्षेत्र के इंदरूखी गांव के पास ले गया। वहां सिंध नदी के किनारे तौलिये से उसका गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या का राज किसी के सामने न खुले इसलिए आरोपियों ने शव को वहीं नदी किनारे रेत में गाड़ दिया था।
पुलिस के अनुसार 10 मई 2026 को भिण्ड जिले के मेहगांव अनुभाग के गोरमी थाना क्षेत्र निवासी युवक के पिता ने बेटे के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रदीप पटेल और मेहगांव एसडीओपी संजय कोच्छा के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित कर तलाश शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस की टीम ने सिंध नदी के किनारे से मृतक पिंटू की अस्थियां और हड्डियां बरामद कीं। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी के मामले को हत्या में बदलते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया। इस हत्याकांड में शामिल चाचा के साथी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी।
घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी चाचा फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। जिसे आखिरकार कल गोरमी पुलिस ने दबोचा लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित