भिण्ड , अक्टूबर 24 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के बरोही थाना क्षेत्र के गोपालपुरा गांव में शुक्रवार शाम शराब के नशे में बेटे राघवेंद्र परिहार ने अपनी 65 वर्षीय मां रामजानकी देवी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी।

विवाद के दौरान उसने मां के सिर पर वार किया। घटना के समय घर में दोनों ही मौजूद थे। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार रामजानकी देवी परिहार के घर कल शाम राघवेंद्र पहुंचा, पहले उसने अपनी बाइक में आग लगाई। जब उसकी मां ने उसे रोका था तो फिर उसने मां से गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर उसने कुल्हाड़ी से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ देर बाद मृतका का मंझला बेटा उपेंद्र परिहार घर पहुंचा। मां को मृत देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को भिण्ड जिला अस्पताल भिजवाया।

बरोही थाना प्रभारी अतुल भदौरिया ने शनिवार को यहां बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में रखवाया गया था। आज सुबह मृतिका का पोस्टमार्टम कराया जाकर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। । पुलिस घटना की जांच कर रही है और आरोपी राघवेंद्र की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित