भिण्ड , अगस्त 09 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के गोहद अनुभाग के मौ क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन की टीम ने सरसों के तेल में महुआ की गुली मिलाकर तेल तैयार किए जाने की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एक प्रतिष्ठान से करीब 4.5 टन सरसों का तेल जब्त किया है। जब्त तेल की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है।

कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा और गोहद के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) विकास कैमोर के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना बंसल ने तारोली रोड स्थित पवन इंडस्ट्रीज पर छापामार कार्रवाई की। टीम के पहुंचने पर काफी देर तक प्रतिष्ठान का शटर नहीं खोला गया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शटर खुलवाकर परिसर की जांच की।

जांच के दौरान प्रतिष्ठान का संचालन बिना खाद्य लाइसेंस के किए जाने की जानकारी सामने आई। टीम को मौके पर बड़ी मात्रा में सरसों का तेल मिला, जिसे जब्त कर सीज कर दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने तेल के नमूने जांच के लिए लिए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भोपाल भेजा जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही तेल की गुणवत्ता और उसमें किसी प्रकार की मिलावट किए जाने की स्थिति स्पष्ट होगी। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार, पटवारी और पुलिस बल भी मौजूद रहा। प्रशासन ने जब्त तेल को सीज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित