भिण्ड , मई 16 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड शहर कोतवाली पुलिस ने फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस तैयार करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक संगठित फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल फोन के अलावा फर्जी लाइसेंस कार्ड और खाली प्लास्टिक कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गुरुवार को एक फरियादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उससे ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के नाम पर 2500 रुपये लिए गए और बाद में उसे फर्जी लाइसेंस थमा दिया गया। भिण्ड के परिवहन (आरटीओ) कार्यालय में जांच कराने पर लाइसेंस नकली निकला। शिकायत के आधार पर शहर कोतवाली थाना में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
भिण्ड के पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को आरटीओ कार्यालय के पीछे पानी की टंकी के पास दबिश देकर आरोपी प्रमोद यादव निवासी मधुबन कॉलोनी, इटावा रोड भिण्ड को पकड़ा। पूछताछ में उसके साथी सुमित चौधरी निवासी पटिया वाली गली, जोशी नगर भिण्ड का नाम सामने आया जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी फोटोशॉप सॉफ्टवेयर की मदद से फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस तैयार करते थे। इनमें से एक आरोपी पहले आरटीओ कार्यालय में एजेंट के रूप में काम कर चुका है। पुलिस ने आरोपियों से एक एचपी लैपटॉप, प्रिंटर, दो एंड्रॉयड मोबाइल, तीन फर्जी लाइसेंस कार्ड और चार खाली प्लास्टिक कार्ड जब्त किए हैं। कल दोनों आरोपियों को भिण्ड जिला न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित