भिण्ड , जून 18 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले के लहार अनुभाग के असवार थाना क्षेत्र के चौरई गांव में कल देर शाम एक युवक के पैर में गोली लगने का मामला सामने आया है। घायल युवक ने गांव के कुछ लोगों पर पुराने विवाद के चलते जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

गुरुवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार चौरई गांव निवासी श्यामू उदैनिया ने डायल-112 पर सूचना देकर बताया कि उसके पैर में गोली लगी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लहार भेजा गया। युवक के घुटने के नीचे गोली लगने के निशान पाए गए हैं।

घायल श्यामू ने पुलिस को बताया कि उसका गांव के बबलू उदैनिया सहित कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा है। कल शाम वह अपने खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान चार-पांच लोगों ने उसे घेर लिया और गोली चला दी। एक गोली उसके पैर में घुटने के नीचे लगी जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में कुछ ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनके कारण मामले को संदेह की दृष्टि से देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि घटना से एक दिन पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। उस दौरान श्यामू द्वारा कथित रूप से बबलू उदैनिया को अवैध हथियार दिखाने की बात भी सामने आई है। बाद में ग्रामीणों के हस्तक्षेप से विवाद शांत हो गया था। ग्रामीणों के अनुसार घटना के समय बबलू उदैनिया अपने घर पर गेंहूं पीसने की चक्की चला रहा था और उसे घटना की जानकारी बाद में परिजनों से मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित