भिण्ड , मई 03 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार थाना क्षेत्र अंतर्गत श्यामपुरा गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक को गोली मारने की घटना सामने आई है। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सिंगपुरा निवासी राजू चौहान, जो वर्तमान में श्यामपुरा में रह रहा था, अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान उसके परिवार से जुड़े महेश चौहान और उसके पिता रामपाल चौहान बाइक से पहुंचे और उस पर फायरिंग कर दी। गोली उसके पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच खेत के रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और घटना से पहले भी कहासुनी हुई थी।

घायल को परिजन तत्काल लहार सिविल अस्पताल ले गए, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर ग्वालियर रेफर किया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित