भिण्ड , अक्टूबर 23 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में मोटे मुनाफे और रकम दोगुनी करने का भरोसा देकर निवेश कराने वाली कंपनियों को लेकर निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। करीब एक साल पहले एलजीसीसी कंपनी का कार्यालय बंद होने के बाद अब ऑरोरा एक्स ऐप के जरिए निवेश करने वाले लोगों ने रकम नहीं निकलने की शिकायत की है। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
निवेशकों के मुताबिक, 14 अक्टूबर से ऐप के माध्यम से भुगतान और रकम निकासी में परेशानी आ रही है। कंपनी की ओर से तकनीकी सुधार और ऐप अपडेट का हवाला देकर भुगतान शुरू करने की तारीखें आगे बढ़ाई जा रही हैं। पहले 18 अक्टूबर और फिर 22 अक्टूबर तक निकासी शुरू होने का भरोसा दिया गया, लेकिन रकम नहीं मिलने से निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। अब ऐप पर अगली तारीख का संदेश दिखाई देने की बात कही जा रही है।
बताया गया है कि ऑरोरा एक्स ने पिछले छह महीने में भिण्ड शहर के अलावा अटेर, मेहगांव, गोहद, गोरमी, अमायन, रौन और लहार सहित कई क्षेत्रों में निवेशकों तक पहुंच बनाई। कंपनी से जुड़े लोगों के माध्यम से अधिक मुनाफे का भरोसा देकर रकम निवेश कराई गई। कुछ निवेशकों ने छोटी रकम से शुरुआत की, जबकि कुछ ने बड़ी पूंजी लगाने का दावा किया है। हालांकि कंपनी ने कुल कितनी रकम जुटाई और कितने लोगों का पैसा फंसा है, इसका आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है।
निवेशकों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर कंपनी से जुड़े लोग रकम वापस मिलने का भरोसा दे रहे हैं। कुछ लोगों को पुलिस के पास नहीं जाने की सलाह दिए जाने की बात भी सामने आई है। वहीं, कंपनी के प्रचार के लिए लगाए गए बैनर और होर्डिंग हटने की जानकारी भी मिली है। कुछ लोगों के दिल्ली जाकर निवेशकों की रकम का मुद्दा उठाने की चर्चा है, लेकिन भुगतान शुरू होने को लेकर कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है।
करीब एक साल पहले एलजीसीसी कंपनी का कार्यालय बंद होने के बाद भी निवेशकों की रकम फंसने की शिकायतें सामने आई थीं। इस कंपनी के जरिए 80 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने की बात कही गई थी। शिकायतों के बाद कुछ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अब ऑरोरा एक्स से जुड़ी शिकायतों ने निवेशकों की रकम की सुरक्षा और ऐसी कंपनियों की गतिविधियों पर निगरानी को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी अनीता गुर्जर ने बताया कि ऑरोरा एक्स के जरिए रकम दोगुनी करने का लालच देकर निवेश कराने की शिकायतें मिली हैं। कोतवाली क्षेत्र में इस गतिविधि से जुड़े लोगों से पूछताछ की जाएगी। भिण्ड देहात थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत के अनुसार, पिछले दो दिनों में छह शिकायतकर्ता सामने आए हैं। पुलिस शिकायतों के आधार पर जांच कर रही है और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित