भिण्ड , जुलाई 24 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले की असवार थाना पुलिस ने 55 वर्षीय महिला से दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। थाना प्रभारी सुरेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी रमेश कौरव को मुखबिर की सूचना पर गांव के बाहर स्थित एक कोठी से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार घटना 16 जून की है। जैतपुरा गांव निवासी पीड़िता अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज कराने असवार थाने जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने रास्ते में उसे रोककर कथित रूप से दुष्कर्म किया और किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी।
उन्होंने बताया कि प्रारंभ में पुलिस ने केवल मारपीट का मामला दर्ज किया था। बाद में 14 जुलाई को पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिला उपनिरीक्षक ने पीड़िता के बयान दर्ज कराए और चिकित्सकीय परीक्षण कराया। जांच के आधार पर आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित