भिण्ड , अक्टूबर 24 -- मध्य प्रदेश में भिण्ड के सदर बाजार में शनिवार को अतिक्रमण हटाने के लिए न्यायिक अधिकारियों के नेतृत्व में न्यायालय, नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम पहुंची। करीब तीन घंटे चले अभियान में फुटपाथ खाली कराए गए और14 व्यापारियों के चालान काटे गए।

टीम ने पहलेे परेड चौराहे से गुड़ मार्केट तक निरीक्षण किया। फुटपाथ पर दुकानें लगाने और सामान फैलाकर रखने वाले व्यापारियों को सामान दुकानों के अंदर रखने की हिदायत दी गई।

कार्रवाई के दौरान फुटपाथ खाली कराए गए। जिससे बाजार में पैदल चलने और वाहनों की आवाजाही के लिए जगह बनी। अभियान में न्यायालय, नगर पालिका और पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। भिण्ड नगर पालिका के सीएमओ वीरेंद्र चक्रवर्ती ने बताया अभियान के दौरान 14 व्यापारियों के चालान काटे गए। जुर्माने की राशि 500, 700, 1,000 और 2,000 रुपए रखी गई। उन्होंने बताया कि जिन व्यापारियों ने मौके पर चालान की राशि जमा नहीं की। उनके प्रकरण न्यायालय में पेश किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आगे अतिक्रमण करने वालों का सामान जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित