भिण्ड , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में रविवार दोपहर हुई झमाझम बारिश से पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। बारिश से किसानों में भी खुशी का माहौल है, क्योंकि फसलों के लिए आवश्यक नमी मिल गई है।
मौसम विभाग के अनुसार सुबह से आसमान में बादलों का आना-जाना लगा रहा। कई बार बादल घिरे, लेकिन तेज हवाओं के कारण छंट गए। दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
बारिश के बाद शहर में मौसम सुहावना हो गया और लोग घरों तथा दुकानों से बाहर निकलकर बारिश का आनंद लेते दिखाई दिए। पिछले तीन-चार दिनों से लगातार बनी उमस के कारण आमजन परेशान थे। वर्षा के बाद बाजारों में भी रौनक लौट आई।
जिले के किसानों के लिए यह बारिश विशेष रूप से राहत लेकर आई। जिन किसानों ने धान की रोपाई की है अथवा फसलों में दवा का छिड़काव किया है, उन्हें सिंचाई के लिए पानी की आवश्यकता थी। पर्याप्त विद्युत आपूर्ति नहीं मिलने से कई किसान वर्षा पर निर्भर थे। ऐसे में अच्छी बारिश होने से किसानों ने राहत की सांस ली। व्यापारियों ने भी वर्षा को खेती और कारोबार दोनों के लिए शुभ संकेत बताया।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की गति पांच से छह किलोमीटर प्रति घंटा रही। विभाग ने अगले एक-दो दिनों तक जिले में बादल छाए रहने तथा कुछ स्थानों पर वर्षा की संभावना जताई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित