भिण्ड , अगस्त 02 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड शहर के लक्ष्मी नगर में पुरानी रंजिश के कारण तलवार और चाकू से किए गए जानलेवा हमले में घायल युवक की शनिवार को ग्वालियर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और मोहल्ले के लोगों में आक्रोश फैल गया। पोस्टमार्टम के बाद शव भिण्ड पहुंचने पर लोगों ने उसे हाथ ठेले पर रखकर सिटी कोतवाली के सामने प्रदर्शन किया और इसके बाद भिण्ड-ग्वालियर बाईपास पर कुछ देर के लिए जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों के समझाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

पुलिस के अनुसार, भीमनगर निवासी 68 वर्षीय रमेश कुमार खत्री ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 29 जुलाई की रात उनके बेटे दीपक खत्री के मोबाइल पर विजय धाकरे का फोन आया था। आरोप है कि विजय धाकरे और सत्यम आदिवासी ने दीपक को लक्ष्मी नगर बुलाया। कुछ देर बाद दीपक की पत्नी ज्योति मौके पर पहुंची तो देखा कि विजय तलवार से हमला कर रहा था जबकि सत्यम चाकू से वार कर रहा था। वहीं हिमांशु सोनी और कुलदीप गुर्जर भी दीपक के साथ मारपीट कर रहे थे। परिजन मौके पर पहुंचे तो दीपक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसके पेट, सिर और पैरों पर गंभीर चोटें थीं। स्वजनों का आरोप है कि दीपक ने घायल अवस्था में बताया था कि पुरानी रंजिश के चलते चारों आरोपियों ने उसे घेरकर जान से मारने की नीयत से हमला किया।

घायल दीपक को पहले भिण्ड जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से हालत गंभीर होने पर ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) भेजा गया। कल उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव भिण्ड पहुंचा तो आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने हाथ ठेले पर शव रखकर सिटी कोतवाली के सामने प्रदर्शन किया। इसके बाद बाईपास पर कुछ देर के लिए जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।

सूचना मिलने पर नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) निरंजन सिंह राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से चर्चा कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया। आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर विजय धाकरे, सत्यम आदिवासी, हिमांशु सोनी और कुलदीप गुर्जर के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित