भिण्ड , अप्रैल 26 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के अटेर थाना क्षेत्र के ग्राम सोनेलाल के पूरा में लगुन-टीका समारोह के दौरान घायल सांप के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार समारोह के दौरान डीजे पर कार्यक्रम चल रहा था, तभी एक सांप वहां पहुंच गया जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आरोप है कि भीम आर्मी से जुड़े एक स्थानीय नेता ने सांप को हाथ में लेकर उसका फन दबाकर लोगों के बीच प्रदर्शन किया। वीडियो में सांप के शरीर से खून बहता दिखाई दे रहा है।
मामले की शिकायत मिलने पर वन विभाग की टीम गांव पहुंची और करीब दो घंटे तक पूछताछ कर घटनास्थल का पंचनामा तैयार किया। अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला वन्यजीव के साथ क्रूरता का प्रतीत हो रहा है, जो कानूनन अपराध है।
वन अधिकारी कृतिका शुक्ला ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है और यदि क्रूरता की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। वहीं संबंधित व्यक्ति ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि सांप पहले से घायल था और उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित