भिण्ड , अगस्त 01 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरिया इलाके में शुक्रवार शाम एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। बदमाशों ने युवक को घेरकर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। आसपास के लोग बचाने पहुंचे तो आरोपी कट्टे से फायरिंग करते हुए दहशत फैलाकर मौके से फरार हो गए।

शनिवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार बजरिया निवासी समीर (38) कल शाम अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे चार से पांच लोगों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने धारदार हथियार से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने कट्टे से फायरिंग कर लोगों में दहशत फैला दी और मौके से फरार हो गये।

घायल समीर को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसका उपचार जारी है। परिजनों ने बताया कि समीर का कुछ लोगों से पहले से विवाद चल रहा है। हालांकि विवाद किस बात को लेकर था इसकी जानकारी उन्होंने नहीं दी। उनका कहना है कि इसी रंजिश के चलते हमला किया गया है।

घटना के बाद परिजनों ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत की। कोतवाली थाना प्रभारी मुकेश शाक्य ने बताया कि फरियादी पक्ष से शिकायत आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। हमला किन लोगों ने और किस कारण किया इसकी पड़ताल की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित