भिण्ड , जून 19 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर के गौरी तालाब के आसपास सरकारी जमीन पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका परिषद ने आज शुक्रवार शाम कार्रवाई की। एनजीटी के नियमों के तहत तालाब के 100 मीटर दायरे में बने अस्थायी टपरे, दीवारें और अन्य कब्जे हटाए गए। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
गौरी तालाब के संरक्षण और अतिक्रमण मुक्त क्षेत्र बनाए रखने के लिए नगर पालिका परिषद ने शुक्रवार को अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। नगर पालिका की अमला टीम पुलिस बल के साथ गौरी तालाब के समीप चंदू की टपरिया क्षेत्र में पहुंची। यहां पूर्व में नोटिस और चेतावनी दिए जाने के बावजूद कई लोगों द्वारा तालाब के 100 मीटर दायरे में अस्थायी टपरे, दीवारें और वाहन पार्किंग के लिए स्थान विकसित कर कब्जा कर लिया गया था।
नगर पालिका और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाए गए टपरे हटवाए तथा कुछ सामग्री जब्त की। कार्रवाई के दौरान मदाखलत अधिकारी, नगर पालिका सीएमओ सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
नगर पालिका द्वारा शुक्रवार को तीन से चार स्थानों पर कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा तालाब क्षेत्र में कब्जा करने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिन लोगों ने अभी भी अतिक्रमण कर रखा है, उन्हें समय रहते स्वयं कब्जा हटाने की हिदायत दी गई है।
नगर पालिका सीएमओ यशवंत वर्मा ने कहा कि गौरी तालाब क्षेत्र में एनजीटी के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। तालाब के आसपास किसी भी प्रकार का नया अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित