भिण्ड , अप्रैल 17 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के गोहद अनुभाग में रसोई गैस की कमी के चलते सिलेंडरों का वितरण पुलिस थाने परिसर से किया जा रहा है। करीब 25 हजार से अधिक आबादी वाले क्षेत्र में गैस एजेंसी न होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार पूर्व में संचालित गैस एजेंसी बंद होने के बाद उपभोक्ताओं के कनेक्शन आसपास की एजेंसियों में स्थानांतरित कर दिए गए थे, जिससे एक ही एजेंसी पर दबाव बढ़ गया और आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई। प्रशासन ने भीड़ और संभावित विवाद को देखते हुए पुलिस की निगरानी में थाने से वितरण की व्यवस्था की है।

कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी रामसिंह तोमर ने बताया कि सौंधा स्थित बलराम गैस एजेंसी से सिलेंडर मंगवाकर गोहद थाने परिसर में वितरण कराया गया। उनका कहना है कि शादी के मौसम में गैस की खपत बढ़ने से यह स्थिति बनी है।

वहीं उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्हें सिलेंडर के लिए 15-15 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। कई लोगों ने बताया कि पहले बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें रिफिल नहीं मिली, जबकि बाद में बुकिंग करने वालों को सिलेंडर मिल गए, जिससे ब्लैक मार्केटिंग की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच कर शीघ्र आपूर्ति व्यवस्था सुधारने और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित