भिण्ड , मई 30 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के सुरपुरा थाना अंतर्गत सोई गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में शुक्रवार रात मौत होने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि युवक खेत पर काम के लिए गया था जहां वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके शरीर पर जलने के निशान और गर्दन में गहरा घाव होने के कारण परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आज पोस्टमार्टम करवाकर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजन को सौंप दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोई गांव निवासी संतोष कुशवाह (40) कल रात अपने खेत पर गया था। रात करीब आठ बजे परिजनों को सूचना मिली कि वह नरसिंह राजावत के खेत के पास घायल अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंचे परिवारजन उसे तत्काल जिला अस्पताल भिण्ड लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया। एंबुलेंस से ग्वालियर ले जाते समय गोले का मंदिर क्षेत्र के पास संतोष ने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को वापस भिण्ड लाकर भिण्ड जिला अस्पताल के पीएम हाउस में रखवाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित