भिण्ड , जून 21 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के रावतपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत महुआ गांव में रविवार को एक युवक का शव खेत में पेड़ से फंदे पर लटका मिला।

जानकारी के अनुसार महुआ निवासी कुंअर सिंह जाटव (21) आज सुबह घर से निकला था लेकिन देर तक वापस नहीं लौटा। दोपहर बाद गांव के कुछ लोग पशु चराने के लिए खेतों की ओर गए जहां उन्होंने गांव के हार में एक पेड़ पर युवक को फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी रावतपुरा थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौका-मुआयना कर शव को नीचे उतरवाया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए लहार अस्पताल भिजवा दिया।

बताया गया है कि मृतक की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी। परिवार में खुशियों का माहौल तब आया था जब वह मात्र 15 दिन पहले ही पिता बना था। ऐसे में युवक द्वारा यह कदम उठाए जाने से परिजन स्तब्ध हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।

रावतपुरा थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित