भिण्ड , अप्रैल 26 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में आबकारी विभाग के एक अधिकारी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला सामने आया है। देहात थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी शराब ठेकेदार के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जिला आबकारी अधिकारी महेश कुमार गौड़ ने शिकायत में बताया कि 24 अप्रैल को वे कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान ठेकेदार राघवेन्द्र कुशवाह वहां पहुंचा और अंग्रेजी शराब उपलब्ध कराने को लेकर दबाव बनाने लगा।
शिकायत के अनुसार अधिकारी द्वारा नियमों का हवाला देने पर आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की, हाथ पकड़कर झूमाझटकी की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उसने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए अधिकारी को कुर्सी से खींचने का प्रयास भी किया।
घटना के दौरान मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित