भिण्ड , अप्रैल 04 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में शनिवार शाम अचानक मौसम बदलने से तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।

जानकारी के अनुसार दिनभर तेज गर्मी के बाद शाम को मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इस दौरान जिले के लहार अनुभाग के मछंड कस्बे में बस स्टैंड के पास लगा बीएसएनएल का मोबाइल टावर तेज हवा के कारण क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार टावर का ऊपरी हिस्सा झुककर एक ओर टेढ़ा हो गया, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तेज हवा के कारण टावर गिरने की आशंका से आसपास मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए।

हालांकि राहत की बात यह रही कि टावर पूरी तरह नहीं गिरा और कोई जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों और प्रशासन को दे दी है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि टावर की तत्काल जांच कर मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित