भिण्ड , जुलाई 19 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में अवैध रेत के कारोबार के खिलाफ राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अमायन थाना क्षेत्र के बछरेटा गांव में छापामार कार्रवाई कर छह ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, एक लोडर मशीन तथा करीब 345 घनमीटर अवैध रेत जब्त की है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत संयुक्त टीम ने बछरेटा गांव में दबिश दी। जांच के दौरान छह ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अवैध रूप से रेत का परिवहन करती मिलीं। रेत भरने में उपयोग किया जा रहा एक लोडर भी मौके से जब्त किया गया। जब्त वाहनों एवं मशीन को वैधानिक कार्रवाई के लिए अमायन थाना परिसर में रखा गया है।
कार्रवाई के दौरान टीम ने लगभग 345 घनमीटर अवैध रूप से भंडारित रेत भी जब्त की। मौके पर पंचनामा तैयार कर जब्त रेत को ग्राम खेरिया सिंध निवासी रामवीर सिंह की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखा गया।
कार्रवाई के दौरान एसडीएम मेहगांव, एसडीओपी मेहगांव, तहसीलदार मेहगांव, अमायन थाना प्रभारी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस ने इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित