भिण्ड , अप्रैल 17 -- जिले के हाउसिंग कॉलोनी क्षेत्र में संचालित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जिला स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए मशीन को सील कर दिया है। यह कार्रवाई एक ही डॉक्टर के नाम पर मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में पंजीयन होने की शिकायत के आधार पर की गई।
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार संबंधित सेंटर डॉक्टर धर्मेंद्र धनखड़ के नाम से संचालित हो रहा था। आरोप है कि डॉक्टर ने भिण्ड के साथ-साथ उत्तरप्रदेश के बाराबंकी में भी अल्ट्रासाउंड सेंटर के लिए पंजीयन करा रखा है, जबकि नियमों के अनुसार एक ही चिकित्सक एक समय में दो स्थानों पर इस प्रकार का संचालन नहीं कर सकता।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एस. यादव ने जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आलोक शर्मा के नेतृत्व में जांच दल गठित किया। टीम ने मौके पर पहुंचकर सेंटर की जांच की और दस्तावेजों में प्रारंभिक स्तर पर विसंगतियां मिलने पर अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया।
जांच अधिकारी डॉ. आलोक शर्मा ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और संचालक को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित