भिण्ड , जून 03 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र में एक अज्ञात विवाहिता का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मृतका की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पिपरौली गांव के समीप बीहड़ क्षेत्र में बंबा किनारे लगभग 25 वर्षीय महिला का शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मेहगांव थाना प्रभारी महेश शर्मा ने बताया कि मृतका के सिर पर चार से पांच गहरे घाव मिले हैं। प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका है।
पुलिस के अनुसार महिला गुलाबी रंग की साड़ी पहने हुई थी। उसके हाथों में गुलाबी चूड़ियां, गले में मंगलसूत्र तथा पैरों में चांदी की तौड़िया और बिछिया मिली है, जिससे उसके विवाहित होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। मृतका के बाएं हाथ पर स्टार का टैटू और दाएं हाथ पर 'ओम' गुदा हुआ है।
पुलिस ने पहचान चिह्नों के आधार पर मृतका की फोटो और अन्य विवरण आसपास के थाना क्षेत्रों तथा ग्रामीण इलाकों में भेजे हैं। आशंका है कि महिला स्थानीय अथवा आसपास के क्षेत्र की निवासी हो सकती है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला की हत्या घटनास्थल पर की गई या कहीं अन्यत्र हत्या के बाद शव यहां लाकर फेंका गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित