भिण्ड , जून 21 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर में रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद संध्या राय, कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने योगाभ्यास किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश देना था।
सांसद संध्या राय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन और वैज्ञानिक जीवनशैली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वैश्विक मंच पर योग के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए जाने के बाद दुनिया के अनेक देशों ने इसे अपनाया है। आज पूरी दुनिया योग की शक्ति को स्वीकार करते हुए इसे वैश्विक स्तर पर सम्मान दे रही है।
उन्होंने उपस्थित जनसमूह से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा नियमित योग करने से शरीर निरोग रहता है और अनेक रोगों का नाश होता है। योग केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन बनाए रखने का भी एक सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ योग प्रशिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। इनमें मुख्य रूप से अनुलोम-विलोम, मयूरासन, प्रणामासन, भुजंगासन, अष्टांग नमस्कार और दंडासन शामिल रहे। योगाभ्यास कराने के साथ ही प्रशिक्षकों ने इन आसनों से होने वाले स्वास्थ्य लाभों की विस्तार से जानकारी भी दी।
इस सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में नरेंद्र सिंह कुशवाह उपस्थित रहे।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्थानीय न्यायालय परिसर में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश दिलीप गुप्ता, न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। योग शिक्षक उत्तम सिंह राजपूत और जगदीश दीक्षित के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन, वृक्षासन तथा अनुलोम-विलोम और कपालभाति सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश दिलीप गुप्ता ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अनमोल धरोहर है जिसे भारत ने पूरे विश्व को दिया है। उन्होंने कहा कि आज की तनावपूर्ण जीवनशैली में मानसिक शांति, शारीरिक स्वास्थ्य और आत्मिक संतुलन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। नियमित योग करने से व्यक्ति स्वस्थ, ऊर्जावान और निरोगी रह सकता है।
कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। अंत में योग शिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित