भिण्ड , अप्रैल 3 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के देहात थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या को आत्महत्या बताने की साजिश पुलिस जांच में उजागर हुई है। पुलिस ने इस मामले में मृतिका के पति सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम मानपुरा में 30 मार्च को प्रियंका प्रजापति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ससुराल पक्ष ने इसे फांसी लगाकर आत्महत्या बताया था, लेकिन मायके पक्ष को घटना संदिग्ध लगी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामले में मर्ग कायम कर पुलिस ने जांच शुरू की और एफएसएल टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की कहानी पर संदेह होने पर पुलिस ने संदिग्धों से कड़ी पूछताछ की।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतिका के पति रामवरन प्रजापति ने अपने साथियों आकाश और पुनीत जोशी के साथ मिलकर हत्या की थी। पुलिस के अनुसार शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की और रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया, लेकिन बाद में स्थिति बिगड़ने पर शव नीचे उतारकर तीनों आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की तलाश कर मानपुरा के पास चरख रोड से तीनों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों पर इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस ने रामवरन प्रजापति, आकाश और पुनीत जोशी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित