भिण्ड , फरवरी 23 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में नेशनल हाईवे 552 पर देर रात एक खड़े ट्रक से यात्री बस की टक्कर हो गई, जिसमें करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। हादसा लहार अनुभाग के रौन थाना क्षेत्र अंतर्गत मेहदा पुल के पास हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बस लहार से दिल्ली जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी और चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक से बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। बताया गया कि ट्रक चालक वाहन को हाईवे किनारे खड़ा कर स्टाफ सहित पास के ढाबे पर भोजन करने गया था।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलते ही रौन, मिहोना और उमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को रौन और मिहोना के अस्पतालों में भिजवाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

गनीमत रही कि हादसे के समय ट्रक में कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला जांच में लिया है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित