भिण्ड , जुलाई 25 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले के लहार स्थित मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के डिवीजन कार्यालय में आज एक भावुक नजारा देखने को मिला। बिजली संकट से परेशान एक किसान सहायक यंत्री (एई) मयंक अजरिया के पैरों में गिर पड़ा। उसने हाथ जोड़कर कहा साहब, मेरी धान की फसल सूख रही है। चार दिन से बिजली नहीं मिल रही है। बार-बार फॉल्ट आने से सिंचाई नहीं हो पा रही कृपया बिजली सप्लाई चालू करवा दीजिए।

आज एई मयंक अजरिया कार्यालय में मौजूद थे। तभी लपवाह फीडर क्षेत्र के कई किसान अपनी समस्या लेकर पहुंचे। बातचीत के दौरान एक किसान भावुक हो गया और एई के पैर पकड़कर अपनी परेशानी बताने लगा। उसने कहा कि बारिश नहीं होने से धान की फसल पूरी तरह सिंचाई पर निर्भर है। लगातार बिजली बाधित रहने से फसल सूखने लगी है। किसान ने कहा, इंद्रदेव को तो मना नहीं सकते, लेकिन आप हमारी पीड़ा समझकर बिजली व्यवस्था ठीक करा सकते हैं। किसान के पैरों में गिरने का दृश्य वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया जिसका वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजली कंपनी के अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की और लपवाह फीडर में आ रही तकनीकी खराबी दूर कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के उपमहाप्रबंधक ने बताया कि किसानों की तत्काल समस्या का समाधान कर दिया गया है। स्थायी समाधान के लिए नए बिजली पोल लगाए जाएंगे। फिलहाल खेतों में धान की फसल खड़ी होने के कारण पोल लगाने में तकनीकी दिक्कत है। फसल कटने के बाद स्थायी कार्य कर बिजली व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त कर दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित