भिण्ड , अगस्त 02 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के गोहद थाना क्षेत्र के ग्राम खितौली में रविवार को खेत जोतने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान एक पक्ष ने पूर्व सरपंच सब्बीर खान (50) पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, पूर्व सरपंच सब्बीर खान आज दोपहर ट्रैक्टर से अपने खेत की जुताई करा रहे थे। इसी दौरान जमीन के स्वामित्व और कब्जे को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और आरोपियों ने सब्बीर खान को घेरकर उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह खेत में गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें गोहद अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही गोहद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पूर्व सरपंच की मौत की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में गांव खितौली और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप अपने नजदीकी रिश्तेदारों पर लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
गोहद के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) रविंद्र वास्कले का कहना है कि प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद हत्या की वजह सामने आ रहा है। आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। एफआईआर दर्ज कर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित