भिण्ड , जनवरी 28 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के सर्वांगीण विकास को गति देने के उद्देश्य से जिला विकास सलाहकार समिति की पहली बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार, भिण्ड में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल ने की। बैठक में उद्योग, कृषि, सिंचाई, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अधोसंरचना विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि जिले में विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करते समय जनप्रतिनिधियों एवं समिति सदस्यों के सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। सड़कों, पुल-पुलियों, विद्यालयों, छात्रावासों, सिंचाई परियोजनाओं, पेयजल व्यवस्था एवं रोजगार सृजन से संबंधित कार्यों की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा जिला विकास सलाहकार समिति का गठन इसलिए किया गया है ताकि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत अनुभवी एवं प्रबुद्ध नागरिकों के सुझावों के आधार पर विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। समिति से प्राप्त सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर अमल में लाकर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संतुलित विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने जिले के प्रमुख मार्गों की प्रगति, वर्तमान में संचालित परियोजनाओं एवं प्रस्तावित कार्यों की जानकारी ली। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत फेस-3 की प्रगति तथा फेस-4 के सर्वे कार्य की स्थिति पर भी चर्चा की गई। जल संसाधन विभाग की कनेरा सिंचाई उद्वहन योजना, सिमार स्टॉप डैम, मां रतनगढ़ परियोजना एवं पार्वती-कालीसिंध परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, उच्च शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण, कृषि, रोजगार एवं कौशल विकास, ग्रामीण विकास तथा नगरीय विकास विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर देते हुए प्रभारी मंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पेयजल व्यवस्था को लेकर उन्होंने निर्देशित किया कि पंचायतों के जिन मुक्तिधामों में पानी का कोई अन्य स्रोत उपलब्ध नहीं है, वहां हैंडपंप लगाए जाएं। साथ ही जिले में सूख चुके हैंडपंपों पर रिचार्ज पिट बनाकर जलस्तर सुधारने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में विधायक भिण्ड नरेन्द्र सिंह कुशवाह, विधायक गोहद केशव देसाई, जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, पूर्व मंत्री ओपीएस भदौरिया, कलेक्टर भिण्ड, पुलिस अधीक्षक भिण्ड, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत भिण्ड सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित