भिण्ड , अप्रैल 18 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के अटेर थाना क्षेत्र के उदोतगढ़ गांव में घर के बाहर पानी से भरे गड्ढे में गिरने से दो वर्षीय मासूम की मृत्यु हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कल देर शाम दो वर्षीय विनायक ओझा घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह पास में बने लगभग तीन फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे में गिर गया। कुछ देर तक नजर नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

तलाश के दौरान मामा शिवम ओझा ने गड्ढे में देखा तो बच्चा उसमें गिरा हुआ मिला। परिजन उसे तत्काल निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार घर में अखंड रामायण के भंडारे का आयोजन था। इसमें शामिल होने के लिए बच्चे के माता-पिता राजस्थान के जयपुर से आए थे और शाम को वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित