भिण्ड , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर स्थित गौरी तालाब में शनिवार देर शाम 18 वर्षीय युवती अंजलि बघेल ने छलांग लगा दी। युवती अपने भाई के साथ स्कूटी से बाजार जा रही थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने तलाशी अभियान चलाया, लेकिन युवती का पता नहीं चल सका। रविवार को फिर से तलाश शुरू की गई है।
पुलिस के अनुसार, सीतानगर निवासी अंजलि शनिवार देर शाम अपने भाई के साथ स्कूटी से बाजार जा रही थी। दोनों बीटीआई रोड से होते हुए गौरी तालाब के पास शनि मंदिर पहुंचे। इसी दौरान अंजलि ने भाई से स्कूटी रुकवाई और अचानक तालाब में छलांग लगा दी। भाई कुछ समझ पाता, इससे पहले ही वह पानी में चली गई।
घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू कराया और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। करीब डेढ़ घंटे तक तलाश किए जाने के बावजूद युवती का कोई सुराग नहीं मिला।
युवती के भाई ने बताया कि उसे समझ नहीं आया कि अंजलि ने अचानक स्कूटी क्यों रुकवाई और तालाब में छलांग क्यों लगा दी। भिण्ड देहात थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने बताया कि युवती की तलाश के लिए एसडीआरएफ की मदद ली जा रही है। युवती ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका पता लगाने के लिए परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित