भिण्ड , जुलाई 04 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड देहात थाना क्षेत्र के गौरी तालाब में शनिवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों ने सौगात गार्डन के पिछले गेट के पास तालाब में शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है लेकिन देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिण्ड जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया है। मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की सूची खंगाली जा रही है। वहीं पुलिस क्षेत्र के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। व्यक्ति की मौत डूबने से हुई है या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह है इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित