भिण्ड , मई 01 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में गुरुवार देर शाम तेज आंधी और बारिश के कारण शहर के बड़े हिस्से में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को ब्लैकआउट की स्थिति का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार अचानक बदले मौसम के बीच तेज हवाओं और बिजली गिरने के कारण कई स्थानों पर फॉल्ट आ गए। इटावा रोड स्थित 33 केवी लाइन में खराबी आने से मेला सब स्टेशन सहित अन्य 33/11 केवी स्टेशनों से जुड़े फीडर बंद हो गए, जिससे करीब 20 से 30 हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए।

लहार रोड, लश्कर रोड, शास्त्री कॉलोनी, ऑफिसर कॉलोनी, अटेर रोड, नवादा, वीरेंद्र नगर, हाउसिंग कॉलोनी, महावीर गंज, ऊषा कॉलोनी, पुरानी गल्ला मंडी और सुभाष नगर सहित कई क्षेत्रों में लंबे समय तक बिजली बाधित रही। कुछ इलाकों में रात 12 बजे तक और कई स्थानों पर देर रात 2 से 3 बजे के बीच बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।

तेज हवाओं के कारण कई जगह ट्रांसफार्मरों के डीओ टूटने और जंपर निकलने की समस्या भी सामने आई। बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने पूरी रात पेट्रोलिंग कर विभिन्न स्थानों पर आए फॉल्ट को ठीक किया।

बिजली कंपनी के उपमहाप्रबंधक विशाल उपाध्याय ने बताया कि तेज हवा और बारिश के कारण उत्पन्न फॉल्ट को मैदानी टीम द्वारा देर रात तक सुधारकर अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि कुछ स्थानों पर सुधार कार्य जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित