जालौन , जून 29 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिला में सोमवार को उरई-जालौन मार्ग पर सड़क हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसा जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत भिटारा स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के सामने हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार उरई से जालौन की ओर जा रही थी। भिटारा के समीप पहुंचते ही कार का आगे का टायर अचानक फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जालौन पहुंचाया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के.डी. गुप्ता ने परीक्षण के बाद चालक इमरान खां (26), निवासी मोहल्ला नया खंडेराव, जालौन को मृत घोषित कर दिया। कार में सवार अन्य दो घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया हादसे का कारण कार का आगे का टायर फटना माना जा रहा है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित