भोपाल , अक्टूबर 22 -- मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने भिंड जिले के मौ व छेकुरी रोड के बीच 11 केवी लाइन से बिजली के तार चोरी करने के आरोप में 4 व्यक्तियों के खिलाफ थाना मौ में एफआईआर दर्ज कराई है।

प्रबंधक रविन्द्र सिंह गौर ने बताया कि यह चोरी 19 अक्टूबर 2025 को रात लगभग 4 बजे हुई। लाइन सहायक नारायण सिंह ने बताया कि गश्ती के दौरान उन्होंने चार पहिया वाहन से छेकुरी रोड की पुलिया के पास कुछ लोगों को 33 केवी लाइन के खंबों से तार काटते हुए देखा। इस दौरान तीन आरोपी भाग गए और एक व्यक्ति अंगद पुत्र राम सिंह राठौड़, निवासी ग्राम बिल्होटी, थाना बिजौली, जिला ग्वालियर को पकड़ लिया गया। भागे हुए आरोपियों के नाम पातीराम कुशवाहा, भगत सिंह और रवि जाटव बताए गए।

जांच में पाया गया कि 33 केवी लाइन के 7 खंबों से काटे गए तारों की कीमत लगभग 80 हजार रुपए है। पकड़ा गया अंगद और भागे हुए आरोपियों द्वारा चोरी किए गए तारों को टैक्सी नंबर एमपी 07 आरए 3245 में रखा गया था।

थाना मौ (भिंड) ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 303(2) के तहत FIR दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल ने चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए कर्मचारियों को सजग रहने और आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति में जिले के कलेक्टर या पुलिस अधीक्षक से तुरंत सहयोग लिया जाए, ताकि कंपनी को आर्थिक हानि न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित