भिंड , मार्च 20 -- मध्यप्रदेश के भिंड जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच अब मौसम ने अचानक करवट ले ली है।

कल की तुलना में अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। कल जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं एक दिन पहले यह 34 डिग्री के आसपास था। मौसम विभाग के अनुसार आज दिन का तापमान और गिरकर करीब 26 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 18 डिग्री से घटकर 15 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।

मौसम में आए इस बदलाव के पीछे मध्यप्रदेश में सक्रिय चक्रवाती प्रभाव को कारण माना जा रहा है। प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी और ओलावृष्टि की खबरें भी सामने आई हैं। भिंड में भी आज सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। कल रात को हत्की बूंदाबादी हुई और 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं।

मौसम सुहाना होने से आम लोगों को राहत जरूर मिली है लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है। इस समय गेहूं, चना, सरसों, मसूर, मटर और अरहर की फसलें पककर तैयार हैं। ऐसे में बारिश या ओलावृष्टि होने पर फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, इसलिए किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित