भिंड , जनवरी 30 -- मध्यप्रदेश के भिंड जिले के मालनपुर में आज सुबह घने कोहरे के बीच एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।
भिंड-ग्वालियर हाईवे पर बंटू ढाबा के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक ने वैगनआर कार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।
मालनपुर पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान सौरभ शर्मा निवासी मेहगांव (भिण्ड), ज्योति यादव (भिण्ड), भूरे प्रजापति (गोरमी) भिण्ड के रूप में हुई है। चौथे की पहचान नहीं हो पाई है। सौरभ आज सुबह पॉलिटेक्निक का पेपर देने जा रहा था। कार उसके भाई की है। ग्वालियर जाते वक्त उसे रास्ते में सवारी मिल गई थी, जिनकी भी हादसे में मौत हो गई।
वहीं ज्योति की बहन नीलम यादव ने बताया कि कार सवार उसकी बहन को मथुरा जाना था इसलिए वह गोरमी से आ रही थी।पुलिस ने चारों शवों को कार से बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह घना कोहरा और तेज रफ्तार बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। इस हादसे के बाद इलाके में कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित